Jaunpur News: ट्यूबेल कर्मचारियों की फर्जीगिरी से केराकत के किसान परेशान
समस्या का निदान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन को होंगे बाध्य
चन्दवक, जौनपुर। केराकत क्षेत्र के ट्यूवबेल कर्मचारियों की मनमानी और फर्जीगिरी से किसान परेशान हैं। किसानों की करीब दस बीघे धान की फसल सिंचाई के अभाव में खराब हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि ट्यूबेल कर्मचारी फर्जीगिरी से बाज नहीं आते हैं तो उनके खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जायेगा। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के नदौली, सरकी, अकबरपुर आदि एक दर्जन गांवों की खेती राजकीय ट्यूवबेल पम्पों पर निर्भर है।

ट्यूवबेलों की हालत यह है कि वे अक्सर खराब ही रहते हैं। उनकी देख-रेख के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों से जब उन्हें ठीक कराने को कहा जाता है तो पहले तो वे टालमटोल करते हैं। जब दबाव बनाया जाता है तो वे बनवाने के नाम पर फर्जीगिरी करते हैं। नदौली गांव में स्थित एक ट्यूवबेल पंप पर इस हफ्ते यही हुआ। पिछले 20 दिन से ट्यूवबेल संख्या 165 की मोटर खराब थी। किसानों ने सिंचाई का हवाला देकर कर्मचारियों पर दबाव बनाया तो वे मोटर खोलकर ले गए और एक सप्ताह बाद लाकर लगा दिया। जब मोटर चलाई गई तो 20 मिनट भी नहीं चल सकी और पुनः खराब हो गई। हालत यह है कि पानी के अभाव में करीब 10 बीघे धान की खेती खराब हो रही है। नदौली गांव के दीप नारायण सिंह, चिंटू सिंह, जगन्नाथ सरोज, ठकुरी सरोज, मनबोध सिंह, संजय सिंह सहित एक दर्जन किसानों ने कहा कि यदि ट्यूवबेल कर्मचारी फर्जीगिरी से बाज नहीं आते हैं तो उनके खिलाफ तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने एसडीएम से ट्यूवबेल ठीक कराने की मांग किया है।
The post Jaunpur News: ट्यूबेल कर्मचारियों की फर्जीगिरी से केराकत के किसान परेशान appeared first on Tejas Today.